Crude Oil Price Update: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है. पिछले दो सत्रों में तेल के दाम लगभग 6% तक गिर चुके हैं, जिससे ब्रेंट क्रूड अब 110 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से नीचे आ गया है. इस गिरावट के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच एक संभावित शांति समझौते की उम्मीद मानी जा रही है.
Contents
क्यों गिर रहे हैं कच्चे तेल के दाम?
आज यानी बुधवार, 6 मई को तेल की कीमतों में गिरावट का लगातार दूसरा दिन रहा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ताजा बयानों ने बाजार में यह उम्मीद जगा दी है कि मिडिल ईस्ट (Middle East) में तेल की सप्लाई जल्द ही बहाल हो सकती है. ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि ईरान के साथ एक स्थायी समझौते की दिशा में बात चल रही है.
‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ पर लगा अस्थायी ब्रेक
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोशल मीडिया (Truth Social) पर जानकारी दी है कि ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को थोड़े समय के लिए रोका जा रहा है. उन्होंने बताया कि पाकिस्तान और अन्य देशों के अनुरोध के बाद, ईरान के प्रतिनिधियों के साथ एक अंतिम समझौते पर चर्चा चल रही है. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसेना की ‘नाकेबंदी’ (Blockade) पूरी तरह जारी रहेगी.
आज 6 मई को क्या हैं तेल के भाव?
जुलाई डिलीवरी के लिए ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 1.38% ($1.52) गिरकर $108.35 प्रति बैरल पर आ गया.
अमेरिकी क्रूड (WTI) 1.47% ($1.50) की गिरावट के साथ $100.77 प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है.
बता दें कि मंगलवार को भी इन कीमतों में करीब 4% की भारी गिरावट दर्ज की गई थी. यानी 2 दिन में 6% कच्चा तेल फिसला है.

