2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का रविवार को कैबिनेट विस्तार किया गया. योगी कैबिनेट में 6 नए चेहरों को शामिल किया गया है. दो मंत्रियों का प्रमोशन कर उन्हें स्वतंत्र प्रभार दिया गया है. कुल 8 मंत्रियों ने शपथ ली.
6 नए चेहरों के आने के साथ ही योगी कैबिनेट अब पूरा हो गया है. उत्तर प्रदेश के कैबिनेट में 60 मंत्री हो सकते हैं. विस्तार से पहले 54 मंत्री थे. अब 60 मंत्री हो गए हैं. विधानसभा चुनाव से पहले इस कैबिनेट विस्तार को बीजेपी की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
रविवार को जिन नए मंत्रियों ने शपथ ली, उनमें- भूपेंद्र चौधरी, कैलाश सिंह राजपूत, हंसराज विश्वकर्मा, कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर और मनोज पांडेय शामिल हैं. वहीं दो मंत्री- सोमेंद्र तोमर और अजीत पाल सिंह का कद बढ़ गया है.
योगी कैबिनेट के नए मंत्री कौन हैं?
- भूपेंद्र चौधरी: कैबिनेट मंत्री बने हैं. पश्चिमी यूपी के बड़े जाट नेता हैं. 2016 में पहली बार MLC बने. पूर्व यूपी बीजेपी अध्यक्ष भी रह चुके हैं. संगठन और सरकार में गहरी पकड़ है.
- मनोज पांडेय: रायबरेली की ऊंचाहार सीट से विधायक हैं. कैबिनेट मंत्री बनाए गए हैं. समाजवादी पार्टी से बीजेपी में आए. अवध और पूर्वांचल के बड़े ब्राह्मण नेता हैं. ब्राह्मण समीकरण साधने में बड़ा चेहरा हैं.
- अजीत सिंह पाल: पहले राज्य मंत्री थे, अब स्वतंत्र प्रभार रहेगा. यूपी के सिकंदरा से बीजेपी विधायक हैं. अति पिछड़ा समाज के प्रमुख चेहरा हैं. संगठन और जमीनी राजनीति में सक्रिय हैं.
- सोमेंद्र तोमर: गाजियाबाद की मोदीनगर सीट से विधायक हैं. पश्चिमी यूपी में गुर्जर समाज का प्रमुख चेहरा हैं. जमीनी राजनीति और संगठन में सक्रिय भूमिका है. 2022 में पहली बार विधायक बने थे. राज्यमंत्री से स्वतंत्र प्रभार मिल गया है.

