Gold Silver Price Hike: अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर इंडेक्स में आई कमजोरी का सीधा असर भारतीय सराफा बाजार पर देखने को मिल रहा है. बुधवार, 06 मई 2026 को शुरुआती कारोबार के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में करीब 2.70 प्रतिशत तक की जोरदार मजबूती दर्ज की गई. निवेशकों के लिए यह खबर काफी अहम है क्योंकि डॉलर के मुकाबले रुपया भी मजबूत स्थिति में नजर आ रहा है.
MCX पर रिकॉर्ड तेजी: सोना और चांदी दोनों चमके
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज कीमती धातुओं ने लंबी छलांग लगाई है.सोने (Gold) का 5 जून 2026 का कॉन्ट्रैक्ट पिछले बंद भाव 1,49,753 रुपए के मुकाबले सीधे 1,52,000 रुपए पर खुला. दोपहर तक यह 1.39 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,51,838 रुपए पर कारोबार कर रहा था.
चांदी (Silver) में सोने से भी ज्यादा तेजी देखी गई. इसका 3 जुलाई 2026 का कॉन्ट्रैक्ट 5,000 रुपए की बढ़त के साथ 2,49,316 रुपए पर खुला और दोपहर तक यह 2.69 प्रतिशत की भारी तेजी के साथ 2,50,900 रुपए के स्तर पर पहुंच गई.
आज क्यों महंगा हुआ सोना-चांदी?
बाजार के जानकारों के मुताबिक, सोने-चांदी की कीमतों में इस उछाल का सबसे बड़ा कारण डॉलर इंडेक्स में आई 0.17 प्रतिशत की कमजोरी है, जो अब 98.14 के स्तर पर आ गया है.डॉलर इंडेक्स दुनिया की छह बड़ी करेंसी यूरो, येन, पाउंड, कैनेडियन डॉलर, स्वीडिश क्रोना और स्विस फ्रैंक के मुकाबले डॉलर की स्थिति को दर्शाता है.डॉलर कमजोर होने से भारतीय रुपया भी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे (0.12%) मजबूत होकर 95.07 पर पहुंच गया है.

