अगर इंडस्ट्री की खबरों पर यकीन करें तो एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा रियलिटी शो में डेब्यू करने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, उन्हें ‘लॉक अप’ के दूसरे सीजन के लिए संपर्क किया गया है और उन्हें फाइनल भी कर लिया गया है। यह शो इस बार नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने की उम्मीद है। आगामी सीजन की शूटिंग जल्द ही शुरू होने की संभावना है, जो सुनीता का रियलिटी टेलीविजन में एक कंटेस्टेंट के तौर पर पहला अनुभव होगा। खबरों की मानें तो उन्होंने शो के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि, सुनीता से इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है।
जो लोग इस शो से परिचित नहीं हैं, उनके लिए बता दें कि ‘लॉक अप’ एकता कपूर का बनाया गया एक हाई-ड्रामा रियलिटी शो है, जिसमें विवादित कंटेस्टेंट्स को एक साथ जेल में बंद कर दिया जाता है और उनसे निजी राज उजागर करने, टास्क पूरे करने और एलिमिनेशन से बचने के लिए कहा जाता है। कंगना रनौत के होस्ट किए गए पहले सीजन में मुनव्वर फारूकी विनर बने थे और यह एकता के अब बंद हो चुके स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ALTBalaji पर प्रसारित हुआ था।
कंगना रनौत नहीं करेंगी शो होस्ट
होस्टिंग की बात करें तो, एकता कंगना की वापसी के लिए भी खुश हैं, लेकिन व्यस्त शेड्यूल के कारण – खासकर उनकी कथित तौर पर फिल्म ‘क्वीन 2’ की शूटिंग की वजह से यह मुश्किल हो सकता है। ऐसी भी खबरें हैं कि एकता ने अक्षय कुमार से बातचीत शुरू कर दी है, जो अगर सब ठीक रहा तो होस्ट वो बन सकते हैं।
सुनीता ने कृष्णा और कश्मीरा को किया माफ
हाल ही में सुनीता ने कृष्णा अभिषेक और कश्मीरा शाह से सुलह कर ली है। सुनीता ने कहा, ‘आखिरकार कृष्णा और कश्मीरा से मेरी मुलाकात हो गई। विपुल ने मुझे दो-तीन बार शो में आने का न्योता दिया। मैंने कश्मीरा और कृष्णा से पहले ही बात कर ली थी, लेकिन फिर मैंने अचानक आने का फैसला किया, उन्हें बताया नहीं गया था कि मैं आ रही हूं। उनसे मिलकर बहुत अच्छा लगा, वे मेरे बच्चे ही तो हैं।’

